Fnd;लखनऊ: स्वास्थ्य विभाग में अनुरोध पर होने वाले तबादलों की आश लगाए डॉक्टरों की उम्मीदों पर पानी फिर गया, लेकिन वर्षो बाद विभाग में ग्रेड वन के पहली बार प्रोन्नति पाने वाले डॉक्टरों में हर्ष का माहौल है, ग्रेड वन के 670 डॉक्टरों को ग्रेड टू में प्रोन्नति मिल गई। वहीं तमाम डॉक्टरों का वर्षों से प्रोन्नति का इंतजार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अनुभाग आठ से प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के अनुमोदन उपरांत ग्रेड टू में प्रोन्नति पाने वाले डॉक्टरों की तीन सूची जारी हुई हैं। पहली सूची वर्ष 2021-22 में रिक्त पदों के सापेक्ष जारी हुई।
पहली सूची में 562 डॉक्टरों को शामिल किया गया है, जबकि वर्ष 2022-23 में 43 डॉक्टर शामिल हैं, इनमें नौ डॉक्टर दिव्यांग हैं। प्रोन्नति पाए वर्ष 2023-24 के रिक्त पदों के सापेक्ष 65 डॉक्टरों की तीसरी सूची जारी की गयी है।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग उप्र. के प्रांतीय सचिव डॉ.अमित सिंह का कहना है कि ग्रेड वन में 3620 पद के सापेक्ष करीब 6949 डॉक्टर सेवारत हैं, साल 2012 से प्रोन्नति नहीं मिली है, जिसकी वजह से ग्रेड वन में प्रोन्नति की आस लगाए हजारों डॉक्टर हैं, मात्र 670 डॉक्टरों को प्रोन्नति से विभाग का ढांचा नहीं सुधरेगा, प्रोन्नति सभी को देनी चाहिए ।